गुरुवार से अहमदाबाद में भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा और अंतिम मैच खेला जाएगा. टीम इंडिया सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बनाए हुए है. कोहली एंड कंपनी की पूरी कोशिश इंग्लैंड को एक बार फिर धूल चटाकर सीरीज 3-1 से सील करने पर होगी. आपको बता दें कि अगर भारतीय टीम ये मैच ड्रॉ भी कर लेती है तो जून में लॉर्ड्स में होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच जाएगी. यूं तो इंग्लैंड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है, लेकिन अगर वो लास्ट टेस्ट जीत जाती है तो भारत का खेल खराब हो जाएगा. ऐसे में आस्ट्रेलिया फाइनल में पहुंच जाएगी जहां उसका मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा.
चौथा टेस्ट मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा. बताया जा रहा है कि नई पिच कमोबेश पहले जैसी ही होगी, लेकिन पिंक की बजाय लाल गेंद से मैच होने पर बल्लेबाजों को आसानी होगी. टीम की बात करें तो बुमराह की गैरमौजूदगी में उमेश प्लेइंग इलेवन में हो सकते हैं, उनका साथ इशांत या सिराज में से कोई एक दे सकता है. इस मैच में बल्लेबाजों से काफी उम्मीद होगी क्योंकि रोहित को छोड़ कोई भी भारतीय बल्लेबाज अबतक कुछ खास नहीं कर सका है.