जॉर्डन (Jordan) के राजा अब्दुल्ला द्वितीय (King Abdullah II) के सौतेले भाई और देश के पूर्व क्राउन प्रिंस हमजा को घर में नज़रबंद कर दिया गया है. बीबीसी के मुताबिक, हमजा (Hamzah) ने वीडियो जारी कर बताया कि, उनपर मौजूदा सत्ता की आलोचना करने को लेकर कार्रवाई की गई है. वहीं जॉर्डन के अधिकारियों ने कहा है कि, रविवार को उन्होंने एक पूर्व क्राउन राजकुमार द्वारा विदेशी समर्थन के साथ देश की सत्ता का तख्तापलट करने की साजिश को नाकाम कर दिया. हालांकि किंग अब्दुल्ला की सरकार ने राजकुमार हमजा के नजरबंद करने के दावों को खारिज कर दिया है. इससे पहले देश की आधिकारिक समाचार एजेंसी ने बताया था कि, इस मामले में दो पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य संदिग्धों को सुरक्षा कारणों का हवाला देकर गिरफ्तार किया गया है.