न्यूज़ वेबसाइट scroll.in की कार्यकारी संपादक सुप्रिया शर्मा और एडिटर-इन-चीफ के खिलाफ उत्तर प्रदेश की वाराणसी पुलिस ने FIR दर्ज की है. उन पर यह केस पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पर लिखी गई एक खबर को लेकर दर्ज किया गया है. सुप्रिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उनके द्वारा गोद लिए गए गांव में लॉकडाउन के दौरान क्या हालात हैं, इस पर एक स्टोरी की थी. सुप्रिया के ख़िलाफ अनुसूचित जाति और जनजाति अधिनियम, 1989 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. दरअसल डोमरी गांव की रहने वाली माला देवी नाम की महिला ने सुप्रिया के खिलाफ ये मुकदमा दर्जा करवाया है. माला के मुताबिक, सुप्रिया ने अपनी स्टोरी में उनकी गरीबी व जाति का मजाक उड़ाया है जिससे उन्हें ठेस पहुंची हैं. माला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनके बयानों को गलत तरह से पेश किया गया है. माला ने कहा कि वो और उनका परिवार लॉकडाउन में भूखे नहीं रहे थे.