फरवरी की गर्मी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. बुधवार को राजधानी दिल्ली पिछले 14 सालों में सबसे गर्म रही. यूं तो 2006 में 26 फरवरी को ऑल टाइम रिकॉर्ड 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था लेकिन मौसम विभाग ने कहा कि इस सप्ताह के अंत में दिल्ली का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा. दिल्ली के अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि जारी है और तापमान सामान्य से पांच से सात डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है. स्काईमेट की वेदर रिपोर्ट को मानें तो इस बार फरवरी का औसत अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा जो अमूमन 24 के करीब रहता है.