ताऊते तूफान के बाद अब एक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान नई चुनौती की तरह सामने खड़ा है. बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) के मध्य पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की मानें तो चक्रवात यास 24 मई तक एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है और अगले 24 घंटों में ये बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. अनुमान लगाया जा रहा है कि यास 26 मई की शाम तक बंगाल व ओडिशा तट से गुजरते हुए बांग्लादेश की ओर आगे बढ़ेगा.
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जीके दास ने बताया कि 26 मई को बंगाल व उड़ीसा के तटीय इलाकों में 90 से 110 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कई जगहों पर मध्यम से भीषण बारिश भी होगी. चक्रवाती तूफान’ (Cyclonic Storm) के मद्देनजर ओडिशा सरकार (Odisha Government) ने तटीय जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है.