इंग्लिश प्रीमियर लीग में मैनचेस्टर यूनाइटेड ने न्यूकैसल यूनाइटेड पर 3-1 से जीत दर्ज की. लीग में अपने पिछले दो मैचों में एवर्टन और वेस्ट ब्रॉम के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद क्लब जीत के रास्ते पर लौट आया है. मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए मार्कस रशफोर्ड, डेनियल जेम्स और ब्रूनो फर्नांडिस ने गोल किया. वहीं न्यूकैसल के लिए एकमात्र गोल सेंट-मैक्सिमिन ने किया. इस जीत के साथ क्लब 49 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है, जो कि पहले पायदान पर काबिज मैनचेस्टर सिटी से 10 अंक कम है. इसके अलावा मैच के दौरान शोला शोरेटेयर ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए डेब्यू किया. 17 साल और 19 दिन की उम्र में शोरेटायर प्रीमियर लीग में रेड डेविल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं.