मध्य प्रदेश के गुना जिले से बेहद शर्मनाक खबर सामने आई है. यहां एक महिला के कंधे पर उसका जेठ सवार हो गया और महिला को मारते-पीटते करीब 3 किलोमीटर तक पैदल चलाया गया. हद ये है कि इस हैवानियत भरे खेल को रोकने के बजाय लोग इसका वीडियो बनाते रहे. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में महिला को गर्भवती भी बताया गया है. मामला सिरसी थाना क्षेत्र के ग्राम सागई और बांसखेडी का है. महिला का कसूर सिर्फ ये है कि बासखेड़ी में रहने वाले अपने पहले पति को उसकी ही मर्जी से छोड़कर वो सागई गांव के युवक के साथ रह रही थी. महिला का कहना है कि इसके लिए उसके पहले ससुराल वालों ने सहमति भी दी थी. लेकिन बीते 9 फरवरी को अचानक ही उसके पूर्व ससुराल वाले सागई आए और उसके साथ मारपीट की. आरोपियों ने महिला के जेठ को ही उसके कंधे पर बिठाया और वापस बांसखेड़ी ले गए.