यूपी के चुनाव आयोग ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के सामने माना है कि पंचायत चुनाव के दौरान ड्यूटी में लगे 28 जिलों में 77 पोलिंग अधिकारियों और एजेंट की मौत हुई है. आयोग ने कहा कि बाकी जिलों में हुई मौतों की जानकारी एक हफ्ते में कोर्ट के सामने रखी जाएगी. दरअसल इस मामले कोर्ट ने हिंदी अखबार अमर उजाला की रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग से जवाब तलब किया था. रिपोर्ट के अनुसार पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान कोरोना की वजह से 135 शिक्षकों की मौत हो गई थी. आयोग ने कोर्ट को बताया है कि सरकार मरने वाले हर कर्मचारी के परिवार को 30 लाख रुपये की मदद देगी. गौरतलब है कि यूपी में पंचायत चुनाव के दौरान शिक्षक संगठनों ने
शिक्षकों और दूसरे चुनाव कर्मियों की मौत का आरोप लगाा था. यूपी में कोरोना के हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं राज्य में शुक्रवार को सामने आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में कोरोना के 28,076 केस सामने आए हैं जबकि 372 लोगों ने जान गंवा दी है.