देश में बढ़ते कोरोना और लगते लॉकडाउन का असर अब इकोनॉमिक एक्टिविटी पर भी पड़ता दिख रहा है. देश की सबसे बड़ी दोपहिया कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने 22 अप्रैल से 1 मई के दौरान अपने सभी प्लांट्स को बंद करने का फैसला लिया है. हीरो (Hero MotoCorp) ने बताया कि 22 अप्रैल से 1 मई के बीच कंपनी की सभी फैक्ट्रियों और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा. कंपनी ने कहा है कि हीरो के सभी प्लांट और जीपीसी बारी-बारी से 4 दिनों के लिए बंद किए जाएंगे.
कंपनी के इस टेंपरेरी शटडाउन में उसके ग्लोबल पार्ट्स सेंटर भी बंद रहेंगे. हीरो ने कहा है कि लोगों की सुरक्षा और भलाई के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को देखते हुए कंपनी ने यह फैसला किया है, इसमें हमारा ग्लोबल प्रोडक्शन सेंटर भी शामिल है. बता दें कि हीरो के कारखाने हरियाणा, उत्तराखंड, गुजरात, राजस्थान और आंध्र प्रदेश में हैं.