राहुल द्रविड़ पिछले 50 साल में भारत के महान टेस्ट बल्लेबाज़ चुने गए हैं. विजडन इंडिया ने फेसबुक पर एक पोल कराया, जिसमें द्रविड़ ने थोड़े अंतर से सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया. फाइनल में राहुल द्रविड़ को 52 फीसद वोट मिले जबकि सचिन तेंदुलकर को मिले वोटों की संख्या 48 फीसद ही रही. महानता की लकीर पर भारत के 16 बड़े टेस्ट बल्लेबाज़ों को परखा गया. जिसमें सेमीफाइनल में राहुल द्रविड़ ने सुनील गावस्कर को पीछे कर फाइनल में जगह बनाई थी जबकि सचिन ने मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली को पछाड़ फाइनल में जगह पक्की की थी. तीसरे स्थान के लिए गावस्कर और कोहली के बीच मुकाबला हुआ जिसमें 80 के दशक के कैरेबियाई गेंदबाज़ों को झेलने को लेकर गावस्कर का पलड़ा कोहली पर भारी रहा.