दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार (Dilip Kumar) की प्रेम कहानी मधुबाला (Madhubala) के बिना अधूरी है. मधुबाला के लिए अपने प्यार का इजहार दिलीप साहब ने भरी अदालत में कर दिया था, वो सच्चे आशिक थे इसलिए रुसवाई का खौफ नहीं था.
बात नया दौर फिल्म की शूटिंग की है. बीआर चोपड़ा (B.R. Chopra) ने मधुबाला के पिता पर केस कर दिया था और मधुबाला के पिता अताउल्ला ने चोपड़ा पर. मामला था आउटडोर शूट का जिसपर दिलीप कुमार के साथ अताउल्ला ने अपनी बेटी मधुबाला को भेजने से इनकार कर दिया था. कोर्ट में गवाही के लिए दिलीप कुमार और मधुबाला को भी बुलाया गया. उसूलों के पक्के दिलीप साहब से अदालत में मधुबाला के पिता के खिलाफ सबूत पेश किया, फिर जब उनके और मधुबाला के रिश्ते के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा - 'योर ओनर मैं इस औरत से प्यार करता हूं और अपनी जिंदगी के आखिरी दिन तक इससे प्यार करता रहूंगा.'
बॉलीवुड के ट्रैजेडी किंग दिलीप कुमार (Dilip Kumar) और मधुबाला (Madhubala) की प्रेम कहानी से शायद ही कोई अनजान हो. मुगल-ए-आजम फिल्म से इनका प्यार परवान चढ़ा. कहते हैं इसी दौरान दिलीप कुमार ने अपने बहन को रिश्ता लेकर मधुबाला के घर भेजा, लेकिन उनके पिता अताउल्ला खान ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद दिन गुजरते रहे और दोनों के रिश्ते में खिंचाव आता रहा.
फिल्म ढाक के मलमल की शूटिंग के दौरान एक बार फिर दिलीप ने मधुबाला से शादी करने का प्रस्ताव रखा. लेकिन इसके साथ ही उन्होंने ये शर्त भी रख दी कि वो अपने पिता से नहीं मिलेंगी. मधुबाला दुनिया में जिन दो लोगों से सबसे ज्यादा प्यार करती थीं, उनमें से किसी एक को चुनना उनके लिए कशमकश का सबब बन गया. आखिर में मधु ने पिता को चुना. इसके बाद दिलीप साहब ने मधुबाला से कहा कि - अगर आज वो यहां से अकेले गए तो दोबारा नहीं आएंगे, और ऐसा ही हुआ.