दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बुधवार को भी तल्ख बना रहा. इलाके में जारी कड़ाके की ठंड के बीच तेज बारिश हुई और ओले गिरे जिस से ठिठुरन बढ़ गई. मौसम विभाग ने मौसम को लेकर जो पूर्वानुमान जारी किया था, इसके अनुसार, दिल्ली के दक्षिणी, दक्षिण-पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हिस्से में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की बात कही गई थी. इन इलाकों के अलावा हरियाणा के रेवाड़ी, भिवाड़ी, मानेसर, गुरुग्राम और पलवल में भी तेज बारिश हुई और ओले गिरे. साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी हरियाणा से भी बारिश का समाचार है. मौसम का ये रूप भले ही प्रदर्शन कर रहे किसानों के लिए अच्छा ना हो लेकिन गेंहू की खेती के लिए ये बरसात किसी वरदान से कम नहीं.