टूलकिट केस में गिरफ्तार क्लाइमेट एक्टिविस्ट दिशा रवि के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस और मीडिया को कड़ी फटकार लगाई है. कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से ये हलफनामा दाखिल करने को कहा है कि उसने इस केस से जुड़ी कोई जानकारी लीक नहीं की है. कोर्ट ने कहा है कि ऐसी कोई जानकारी लीक न हो जिससे इस केस पर प्रभाव पड़े. इसके साथ ही हाईकोर्ट ने ये भी कहा कि मीडिया के एक धड़े ने मामले की सनसनीखेज और पूर्वाग्रहों से ग्रस्त रिपोर्टिंग की है जो स्वीकार्य नहीं है. हालांकि कोर्ट ने मीडिया या सोशल मीडिया से किसी भी कंटेंट को हटाने का निर्देश देने से इनकार कर दिया. बता दें कि दिशा रवि की तरफ से दाखिल की गई याचिका में मांग की गई थी कि कोर्ट पुलिस को केस से जुड़ी जानकारी लीक करने से रोके.