कृषि से जुड़े दो बिल को ध्वनि मत से राज्यसभा में पास करवाया जा चुका है. वहीं राज्यसभा में काफी हंगामा देखा गया और राज्यसभा के उपसभापति का अनादर भी विपक्षी सांसदों ने किया. जिस पर केंद्र सरकार के 6 मंत्रियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. सदन में विपक्ष के हंगामे पर राजनाथ सिंह ने कहा कि जहां तक मुझे पता है, लोकसभा या राज्यसभा के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ है. रक्षा मंत्री ने कहा कि आसन पर चढ़ना, रूल बुक फाड़ना काफी दुखद था. इससे न केवल उनकी प्रतिष्ठा को बल्कि संसदीय लोकतंत्र को भी चोट पहुंची है. इस दौरान राजनाथ सिंह ने कृषि बिल पर कहा कि दोनों विधेयक ऐतिहासिक है. केवल भ्रामक तथ्यों के आधार पर किसानों को गुमराह किए जाने की कोशिश की जा रही है. इन बिल से किसानों की आय बढ़ेगी. किसानों की आय दोगुना करने की तरफ यह बड़ा कदम है. एमएसपी को खत्म नहीं किया जा रहा है.