देश की राजधानी दिल्ली(Delhi) में जैसे-जैसे कोरोना वायरस(Corona Virus) की दूसरी लहर कमजोर हो रही है. वैसे-वैसे एक नई परेशानी तेजी से सामने आ रही है. NDTV ने डॉक्टरों के हवाले से बताया है कि राजधानी के अस्पतालों की ओपीडी में पोस्ट-कोविड परेशानियों(post-Covid complications) वाले गंभीर मरीज़ों की तादाद खतरनाक रूप से बढ़ रही है.
ओपीडी में डॉक्टर्स हर दिन ऐसे 25 से 30 रोगियों का इलाज कर रहे हैं. हालात इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि इन मरीजों में पिछले साल पहली लहर से ठीक हुए लोगों के मुकाबले ज्यादा गंभीर लक्षण सामने आ रहे हैं. पिछले साल पोस्ट कोविड सबसे कॉमन शिकायत थकान का बढ़ना थी लेकिन इस बार फेफड़ों की समस्या ज्यादा नजर आ रही है. यहां तक की कोरोना से ठीक होने के बावजूद कई मरीजों को हफ्तों बाद भी ऑक्सीजन सपोर्ट (Oxygen Sport) की जरूरत पड़ रही है.
मैक्स साकेत(Max Saket) के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ विवेक नांगिया(Dr Vivek Nangia) ने बताया कि, हमारे ओपीडी में कोविड के बाद के रोगियों की भरमार 70 से 80% है, इन मरीजों में फेफड़ों की बीमारी सबसे ज्यादा देखी जा रही है. हालांकि ये बीमारी 65 वर्ष से अधिक उम्र के या धूम्रपान करने वालों में ज्यादा देखी जाती थी, लेकिन अब तो बच्चों से लेकर मध्यम आयु वर्ग के लोग भी बड़ी संख्या में अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं.