भारत (India) में हर गुजरते दिन के साथ कोरोना (Corona) का संकट और गहराता जा रहा है. आंकड़े इस पर मुहर लगा रहे हैं. सोमवार सुबह आए आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे में देश में रिकॉर्ड 46, 951 केस आए जबकि 212 मरीजों की जान चली गई. कुल केस और मौतों के मामले में ये बीते चार महीने का सबसे बड़ा आंकड़ा है. 24 घंटे में देश में 7 फीसदी कोरोना मरीज बढ़े हैं. डराने वाली बात ये भी है कि एक्टिव केसों (Active cases) की संख्या बढ़कर 3 लाख 34 हजार हो गई है. हालांकि 24 घंटे में 21 हजार 180 लोग ठीक भी हुए हैं. वैसे दिलचस्प ये भी है कि 22 मार्च को ही एक साल पहले देश में जनता कर्फ्यू (Janta Curfew) लगा था. तब देश में कोरोना के कुल 360 मामले थे उसमें से भी 40 केस विदेशी थे.
बहरहाल देश में अब कुल मरीजों की संख्या एक करोड़ 16 लाख 46 हजार 81 हो गई है जबकि अब तक एक लाख 59 हजार 967 लोग कोरोना की वजह से दम तोड़ चुके हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय (Ministry of Health) के मुताबिक देश में अबतक कोरोना वैक्सीन की चार करोड़ 50 लाख 65 हजार 998 डोज दी गई हैं. इसके अलावा देश भर में कोरोना के 23 करोड़ 44 लाख 45 हजार 774 सैंपलों की जांच की गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक महाराष्ट्र, पंजाब, केरल, कर्नाटक, गुजरात और मध्य प्रदेश में देश के कुल कोरोना केसों के 86 फीसदी मामले हैं.