देश में कोरोना वायरस को लेकर फिर से पहले जैसे हालात होने लगे हैं. बीते एक हफ्ते से जो आंकड़े आ रहे हैं वे इसकी तस्दीक करते हैं. शनिवार को आए आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे में 24,882 हजार नए कोरोना केस आए और 140 लोगों की जान चली गई है. इससे पहले पहले बीते साल 23 दिसंबर को 24,712 कोरोना केस दर्ज किए गए थे. अहम ये भी है कि देश में अब कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 2 लाख के पार पहुंच गई है. ये आंकड़ा बीते 53 दिनों में सबसे ज्यादा है. देश में 24 घंटे में करीब 20 हजार लोग ही कोरोना से ठीक हुए हैं . राहत की बात सिर्फ इतनी है कि ये संक्रमण फिलहाल यूपी और बिहार जैसे बड़े राज्यों में नहीं फैल रहा. बहरहाल देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर एक करोड़ 13 लाख 33 हजार 728 हो गए हैं. अब तक कोरोना एक लाख 58 हजार 446 लोगों की जान ले चुका है. 12 मार्च तक देशभर में 2 करोड़ 82 लाख 18 हजार लोगों को टीका लगाया जा चुका है.