भारत बंद के दौरान हिंसा की तस्वीर भी सामने आ रही है। जयपुर में भाजपा मुख्यालय पर आज भारत बंद के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ता (कांग्रेस की छात्र इकाई) कार्यालय को घेरने पहुंच गए। वे कार्यालय के सामने केंद्र सरकार, पीएम मोदी और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान वे कार्यालय के बाहर पीएम का पुतला जलाने लगे तो भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। इस दौरान हंगामा काफी बढ़ गया और युवा मोर्चा व एनएसयूआई कार्यकर्ता आपस में उलझ गए। कुछ देर में यह हंगामा हाथापाई में बदल गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने समझाईश कर मामला शांत कराया। करीब आधे घंटे तक हुए हंगामें के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पीएम का पुतला फूंका और वापस लौटे। एहतियात के तौर पुलिस का जाप्ता भाजपा मुख्यालय पर तैनात किया गया है।