कॉमेडियन श्याम रंगीला ने हाल ही में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर तंज कसता एक वीडियो बनाया था. अब उनका एक नया वीडियो सामने आया है. इसमें रंगीला ने जानकारी दी कि राजस्थान के श्रीगंगानगर के जिस पेट्रोल पंप पर उन्होंने वीडियो बनाया उसे तेल मिलना बंद हो गया. पंप के मालिक को लाइसेंस रद्द करने की धमकी भी मिल रही है. इऩका हवाला देते हुए मालिक ने उनसे वीडियो डिलीट करने की मांग की है. वीडियो नहीं हटाने पर उन्होंने रंगीला के खिलाफ केस करने की बात कही. रंगीला का कहना है कि वो इन दिक्कतों के लिए माफी मांगने और वीडियो से पंप का नाम हटाने को भी तैयार हैं. हालांकि, वो वीडियो नहीं हटाएंगे. घटना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इसका डर है कि कल गए उनके जूते, जैकेट और फोन की कंपनी उनपर ये बोलकर केस करने की धमकी देगी कि उन्होंने इन चीज़ों का इस्तेमाल करते हुए वीडियो बनाई. ऐसे में उन्हें हर वीडियो हटानी पड़ेगी. उन्होंने ये सवाल भी किया कि पेट्रोल कौन सा धर्म है और इससेे किसकी भावनाएं आहत हो रही हैं. रंगीला का सवाल है कि उन्होंने गलत क्या किया?