चेन्नई (Chennai) में एक पॉप्युलर सैटेलाइट चैनल साथियम टीवी (Sathiyam TV) के हेडक्वार्टर पर मंगलवार को एक शख्स तलवार लेकर घुस आया और वहां की प्रॉपर्टी को भारी नुकसान पहुंचाया. चैनल की ओर से जारी सीसीटीवी फुटेज में एक शख्स हाथ में तलवार और ढाल लिए हुए दिख रहा है, चैनल के मैनेजिंग डायरेक्टर आईजैक लिविंगस्टोन ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि ये शख्स कार पार्किंग के जरिए दफ्तर में घुसा और उसके पास एक गिटार बैग था जिसमें हथियार रखे हुए थे. लिविंगस्टोन का कहना है कि वो शख्स उन्हीं के बारे में लोगों से पूछ रहा था और हो सकता है कि वो उनकी तलाश में ही यहां आया हो.
हालांकि चैनल मैनेजमेंट ने ये भी कहा कि वो नहीं जानते कि इस शख्स का ऐसा करने के पीछे मकसद क्या था, चैनल का कहना है कि उसने किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई न्यूज़ स्टोरी नहीं की.चेन्नई पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है. इस बीच चेन्नई प्रेस क्लब के संयुक्त सचिव भारती तमिलन ने तमिलनाडु सरकार से अपील की है कि वो पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून बनाएं