बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ((Akshay Kumar)) स्टारर और निर्माता चंद्रप्रकाश द्विवेदी की आने वाली फिल्म 'पृथ्वीराज' (Prithviraj) को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है. करणी सेना के बाद अब अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के सदस्यों ने फिल्म के टाइटल को लेकर एतराज जताया है और इसे बदलने की मांग की. फिल्म के नाम का विरोध कर रहे लोगों ने चंडीगढ़ में अक्षय कुमार का पुतला जलाया.
वहीं इससे पहले करणी सेना ने भी फिल्म के नाम को लेकर आपत्ति जताई थी. करणी सेना के युवा विंग के अध्यक्ष और फिल्म मेकर सुरजीत सिंह राठौर ने कहा, 'जब फिल्म महान हिंदू राजा पृथ्वीराज चौहान पर आधारित है, तो वे फिल्म का टाइटल सिर्फ 'पृथ्वीराज' कैसे रख सकते हैं? हम चाहते हैं कि टाइटल को उनके पूरे नाम में बदल दिया जाए और उन्हें सम्मान दिया जाए.'
बता दें फिल्म निर्माता चंद्रप्रकाश द्विवेदी, जो अपनी टीवी सीरीज 'चाणक्य' के लिए जाने जाते हैं, ऐतिहासिक फिल्म 'पृथ्वीराज' बना रहे हैं जिसमें अक्षय कुमार लीड रोल में हैं. द्विवेदी का कहना है कि उन्होंने अपनी फिल्म की कहानी महाकाव्य 'पृथ्वीराज रासो' पर आधारित रखी है.