नारदा स्टिंग केस (Narada Sting) में गिरफ्तार ममता के 2 मंत्रियों समेत TMC के तीनों नेताओं और एक पूर्व नेता को CBI की स्पेशल कोर्ट ने सोमवार शाम जमानत (Bail) दे दी. कोर्ट ने 50 हजार रुपये के निजी बॉन्ड पर इन सभी को जमानत दी है. सोमवार को करीब डेढ़ घंटे चली वर्चुअल सुनवाई के दौरान कोर्ट ने CBI की चारों नेताओं की हिरासत की अर्जी को खारिज कर दिया. इस दौरान सीबीआई की ओर से ऑनलाइन 48 पेज की चार्जशीट दायर की गई.
बता दें कि सोमवार सुबह सीबीआई ने ममता के मंत्री सुब्रत मुखर्जी (Subrata Mukherjee), फिरहाद हाकिम (Firhad Hakim), मदन मित्रा (Madan Mitra) और कोलकाता के पूर्व मेयर शोभन चटर्जी को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के खिलाफ कोलकाता के CBI दफ्तर पर सोमवार को दिनभर खूब बवाल हुआ. TMC समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और इन गिरफ्तारियों को बदले की राजनीति बताते हुए CBI दफ्तर पर पथराव भी किया. वहीं ममता बनर्जूी भी अपने नेताओं के समर्थन में CBI दफ्तर पहुंच गईं और कहा कि उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए.