गोरखपुर के BRD मेडिकल कॉलेज (Medical college) से निलंबित चल रहे डॉक्टर कफील खान (Dr Kafeel Khan) को जल्द ही राहत मिल सकती है. डॉ. कफील के खिलाफ दोबारा जांच के आदेश उत्तर प्रदेश सरकार (UP Government) ने वापस ले लिया है. यानी अब डॉ. कफील खान के खिलाफ दोबारा विभागीय जांच नहीं होगी. इससे डॉ. कफील का निलंबन (suspension) अब खत्म हो सकता है और जल्द बहाल किए जा सकते हैं. डॉ. कफील खान ने हाईकोर्ट (Allahabad High Court) में याचिका दाखिल कर निलंबन को चुनौती दी है. इस पर हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार से जानकारी मांगी थी कि डॉ. कफील को चार वर्षों से निलंबित क्यों रखा गया है.
बता दें राज्य सरकार ने 15 अप्रैल 2019 को जांच अधिकारी द्वारा दाखिल की गई जांच रिपोर्ट को मान लिया है. उस रिपोर्ट में डॉ कफील खान को निर्दोष बताया गया था. जांच में कहा गया था कि डॉक्टर कफील के खिलाफ लापरवाही या भ्रष्टाचार के सबूत नहीं मिले.