नाइजीरिया में आतंकी गुट बोको हरम(Boko Haram, Nigeria) के खूंखार सरगना अबूबकर शेकाउ(Abu Bakar Shekau) के मारे जाने की पुष्टि हुई है. बोको हरम के विरोधी गुट इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस(Islamic State WAP) के नेता अबू मुसाब अल बरनावी ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी कर शेकाउ के मारे जाने की पुष्टि की. रिपोर्ट्स के मुताबिक बीती 18 मई को बोको हरम और इस्लामिक स्टेट के बीच खूनी संघर्ष हुआ था जिसमें शेकाउ घिर गया. दुश्मनों के हाथ लगने से बचने के लिए शेकाउ ने खुद को बम से उड़ा लिया. इससे पहले नाइजीरिया की सेना ने कहा था कि वो भी अबूबकर शेकाउ की कथित मौत की जांच कर रही हैं. वहीं नाइजीरिया में ही बोको हरम पर रिसर्च करने वालों ने भी शेकाउ के मौत की पुष्टि की है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक शेकाउ की मौत के बाद बोको हरम और आईएस वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस के बीच सालों से जारी खूनी संघर्ष अब रुक जाएगा. साथ ही बोको हरम के आतंकी इस्लामिक स्टेट में शामिल हो जाएंगे.