देश के कई राज्यों में बढ़ता जा रहा बर्ड फ्लू का खतरा अब राजधानी दिल्ली पर भी मंडराने लगा है. दिल्ली के मयूर विहार स्थित सेंट्रल पार्क में 100 से ज्यादा कौवों की मौत का मामला सामने आया है. पार्क के केयर टेकर टिंकू चौधरी के मुताबिक इन कौवों की मौत की वजह बर्ड फ्लू ही हो सकती है. खबरों के मुताबिक, केयर टेकर ने बताया कि दिल्ली सरकार की डॉक्टरों की दो टीमों ने पार्क का मुआयना भी किया है और सैंपल लिए हैं. दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे मयूर विहार फेज-3 के वार्ड नंबर 6 का बताया जा रहा है. इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि यहां हर दिन 40-45 कौवे मर रहे हैं, हालांंकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.