बिहार में अबकी बार किसकी सरकार ... इस सवाल का जवाब रुझानों और नतीजों से अब साफ होने लगा है. एग्जिट पोल्स से गदगद महागठबंधन को exact रुझानों और नतीजों से झटका लगा है, और ऐसा लग रहा है कि बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए की सरकार लौट रही है. फिलहाल NDA बहुमत के आंकड़े 122 के आसपास नजर आ रहा है.
आपको बता दें कि ये रुझान हैं, नतीजे आने में इस बार ज्यादा वक्त लग रहा है क्योंकि वोटों की गिनती कोविड की वजह से स्लो है. सुबह मतगणना शुरू होने के साथ महागठबंधन ने बढ़त बनाई थी, लेकिन चंद घंटों बाद हालात बदलते दिखे. फिर लंबे समय तक NDA और MGB के बीच लीड का फासला 20 से अधिक सीटों का रहा, लेकिन शाम होते होते ये लीड कम होनी शुरू हुई. हालांकि अभी भी बहुत से वोटों की गिनती बची है और इन रुझानों में बदलाव हो सकता है, खासकर इसलिए क्योंकि बहुत सी सीटें ऐसी हैं जहां वोटों का अंतर 1000 वोट से भी कम का है.
राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनने की होड़ में बीजेपी और आरजेडी दोनों में टक्कर हो रही है, तीसरे नंबर पर JDU है तो चौथे नंबर पर कांग्रेस. सबसे ज्यादा नुकसान JDU को होता दिख रहा है, कांग्रेस का प्रदर्शन भी खराब रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा फायदा हुआ है भाजपा, लेफ्ट और AIMIM को.