ये गुलनाज़ हैं... बिहार के हाजीपुर के रसूलपुर हबीब गांव की रहने वालीं गुलनाज़ अब इस दुनिया में नहीं हैं क्योंकि उन्हें उनके ही गांव के कुछ दबंगों ने जिंदा जला दिया था. गुलनाज़ के साथ ये ज्यादती इस लिए हुई क्योंकि उन्होंने इन लड़कों की छेड़छाड़ का विरोध किया था, आरोपी की तरफ से बनाए जा रहे शादी के दबाव को ठुकरा दिया था. बस इसी से नाराज हो कर 30 अक्टूबर की रात आरोपियों ने उन्हें जिंदा जला दिया. गंभीर रूप से झुलसी गुलनाज़ को इलाज के लिए पटना में भर्ती करवाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया. दूसरी तरफ पीड़ित परिवार को केवल घटना ही नहीं पुलिस के रवैये ने भी तोड़ दिया और मामले में दो दिन बाद FIR दर्ज हुई. लेकिन आम लोगों के बढ़ते दबाव में अब पुलिस ने जांच में तेजी दिखाई है और मुख्य आरोपी चंदन को 17 दिन बाद गिरफ्तार किया है. उसके साथियों की भी तलाश जारी है. वहीं मामले में कोताही बरतने के आरोप में इलाके के SHO को भी सस्पेंड कर दिया गया है. पीड़ित परिवार ने अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग की है.