बिहार में कोरोना काल (Bihar Corona) के दौरान खराब स्वास्थ्य सेवाओं से जुडी ख़बरें लगातार सामने आ रही हैं. यहां आम तो आम ख़ास और विशिष्ट लोगों के परिजनों को भी समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा. अररिया के रानीगंज से जेडीयू विधायक अचमित ऋषिदेव की पत्नी की कोरोना से मौत हो गई. मंजूला देवी कोरोना संक्रमित थीं और उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी. बताया जा रहा है कि कोरोना के बाद अस्पताल में भर्ती विधायक जी की पत्नी को समय पर वेंटिलेटर तक नहीं मिल सका जिसकी वजह से उनकी मौत (JDU MLA’s Wife Death Without Ventilator) हो गई. हैरानी की बात ये है कि अररिया के सदर अस्पताल में 6 वेंटिलेटर होने के बाद भी ऑपरेटर नहीं होने की वजह से वो बेकार पड़े हैं.
वहीं जेडीयू विधायक की पत्नी के मौत पर बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है. राबड़ी देवी ने ट्वीटर पर लिखा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को इस पर बोलना चाहिए कि नहीं बोलना चाहिए? इसका दोषी भी आज से 30 वर्ष पूर्व के आपके द्वारा दुष्प्रचारित कथित जंगलराज को बता दीजिए. आपने तो पहले के सभी पीएचसी बंद करा दिए.