बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के आवास में कोविड केयर सेंटर (Covid Care Centre) बनाने के प्रस्ताव को नीतीश सरकार ने खारिज कर दिया है. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय (Mangal Pandey) ने चिट्ठी लिखकर कहा है कि जहां आप का आवास है, उस जगह पर कोविड केयर सेंटर नहीं बनाया जा सकता है. पांडेय ने कहा, आपका घर आवासीय क्षेत्र में है. इसके अतिरिक्त यह जानकारी होनी चाहिए कि बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं. किसी के आवासीय जगह को कोविड केयर सेंटर बनाने की जरूरत नहीं है. बता दें कि बीते बुधवार को ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने सरकारी आवास में 50 बेड का कोविड केयर सेंटर स्थापित किया. उन्होंने इसका वीडियो और फोटो जारी कर बिहार सरकार से मांग की थी कि इसे चलाने की अनुमति दें.