बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में यौन उत्पीड़न के एक मामले में सस्पेंड किए गए प्रोफेसर की बहाली के खिलाफ छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है. अश्लील हरकत के मामले में घिरे Zoology Department के प्रोफेसर शैल कुमार चौबे को बर्खास्त करने की मांग को लेकर साइंस डिपार्टमेंट के छात्र-छात्राओं ने शनिवार देर शाम BHU सिंहद्वार पर धरना शुरू कर दिया. छात्रों का ये प्रदर्शन अभी तक जारी है. छात्र-छात्राओं ने डफली थाम ‘हमें चाहिए आजादी ...’ के नारे भी लगाए. अक्टूबर 2018 में प्रो. चौबे पर कई छात्राओं ने पूरी स्टडी टूर के दौरान अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया था और जांच में वह दोषी भी पाए गए. हालांकि BHU प्रशासन का कहना है कि प्रोफेसर को केवल सेंसर किया जा रहा है, लेकिन वे कोई जिम्मादारी वाला पद नहीं संभाल सकेंगे. प्रशासन ने छात्रों को समझाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन वे आरोपी प्रोफेसर की बर्खास्तगी की मांग पर अड़े हैं.