असम (Assam) दूसरे चरण की वोटिंग के बाद करीमगंज (Karimganj) जिले में एक बीजेपी उम्मीदवार (BJP candidate) की कार में EVM मिलने से बवाल हो गया. मामला करीमगंज जिले की पथरकंडी विधानसभा का है. जहां ये EVM मशीन BJP उम्मीदवार कृष्णेंदु पॉल (Krishnendu Paul) की कार में मिली थी. इसका वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग भी एक्शन में आ गया. आयोग ने करीमगंज में संबंधित बूथ पर चुनाव को रद्द कर दिया और चार चुनाव अधिकारियों को भी सस्पेंड कर दिया है.
इसके अलावा आयोग ने इस संबंध में केस भी दर्ज करवाया है. गनीमत ये है कि बरामद EVM की सील बरकरार है. हालांकि EVM मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया. वायरल वीडियो में उत्तेजित लोगों को देखा जा सकता है. अब चुनाव आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी से इस पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. इस मामले में कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं.