कृषि कानूनों के खिलाफ सड़कों पर उतरे किसानों का आंदोलन लगातार छठे दिन जारी है. इस आंदोलन की आग लगातार फैलती जा रही है. दिल्ली गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों की परेशानियों को देखते हुए गाजियाबाद गुरुद्वारे के कुछ कार्यकर्ता सामने आए. उन्होंने गुरुवार सुबह सुबह सभी किसानों को चाय पिलाई. सिंघू और टिकरी बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के लिए लंगर आयोजित किया जा रहा है, साथ ही उन्हें चाय, नाश्ता तथा चिकित्सा मदद भी दी जा रही है. बता दें किसानों का हुजूम इतना बड़ा है कि ये सभी अलग-अलग वाहनों से दिल्ली की सीमा में दाखिल हो रहे हैं.