अनिल कुंबले की अगुवाई वाली आईसीसी क्रिकेट समिति ने कोरोना के खतरे को देखते हुए गेंद को चमकाने के लिये लार का इस्तेमाल करने पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है. कुंबले ने कहा कि हम बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं और समिति ने जो सिफारिशें की है वे क्रिकेट का मूल स्वरूप कायम रखते हुए खेल को सुरक्षित तरीके से शुरू करने के लिये अंतरिम उपाय है. बता दें कि गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल पर बैन के अलावा कुंबले समिति ने अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिये फिर से दो गैर तटस्थ अंपायरों को रखने की भी सिफारिश की. इन सिफारिशों को अब आईसीसी बोर्ड की मंजूरी मिलने का इंतजार है.