हॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस एंजेलिना जोली (Angelina Jolie) ने अपने पूर्व पति ब्रैड पिट (Brad Pitt) पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं. इससे जुड़ी ख़बरें अंतरराष्ट्रीय मीडिया में छाई हुई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक जोली ने कोर्ट में इससे जुड़े डॉक्यूमेंट्स भी जमा किए हैं. उन्होंने कहा कि वो कथित घरेलू हिंसा के सबूत भी अदालत को देने को तैयार हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो कोर्ट में जमा किए गए डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक इनके बच्चे भी कोर्ट में घरेलू हिंसा के आरोप पर बयान देने को राज़ी हैं. बता दें कि साल 2004 में फिल्म 'Mr And Mrs Smith' की शूटिंग के दौरान जॉली और पिट का प्रेम शुरू हुआ. लंबे समय तक डेटिंग करने के बाद दोनों ने 2014 में शादी कर ली. हालांकि, महज़ दो साल बाद दोनों अलग हो गए और तब से एक-दूसरे के साथ कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. अभी तक इनका तलाक नहीं हुआ है. लेकिन 2019 में इन्होंने कानूनन सेपरेशन कर लिया था.