आखिरकार भारत का कूटनीतिक दबाव काम आया. अब तक कोरोना वैक्सीन के लिए कच्चा माल (Raw material for vaccine) देने पर ना नुकुर कर रहा अमेरिका (America) न सिर्फ कोरोना से लड़ाई में भारत के साथ आया है बल्कि फौरी सहायता भी भेजनी शुरू कर दी है. ANI के मुताबिक अमेरिका ने 5000 किलो ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर्स भारत रवाना कर दिए हैं. ये कंसेंट्रेटर्स हवा से ही ऑक्सीजन निकालकर मरीजों को देते हैं.
दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe Biden) ने बकायदा ट्वीट करके कहा है कि महामारी की शुरुआत में जब हमारे अस्पतालों पर भारी दबाव था उस समय भारत ने अमेरिका के लिए जिस तरह सहायता की थी, उसी तरह हम भी अब भारत की मदद करने के लिए तैयार हैं. दरअसल बाइडेन का ये ट्वीट भारतीय NSA डोभाल और अमेरिकी NSA जेक सुलिवन की बातचीत के बाद आया है. खुद जेक सुलिवन ने ट्वीट करके कहा है कि अमेरिका भारत को वैक्सीन बनाने के लिए आवश्यक हर उस कच्चे माल की सप्लाई करेगा जिसकी जरूरत पड़ेगी. अमेरिकी उपराष्ट्पति कमला हैरिस ने भी ट्वीट करके हर संभव सहायता की बात कही है.