पंजाब के मोगा जिले के पास इंडियन एयर फोर्स का मिग-21 (MiG-21 of Indian Air Force) क्रैश हो गया. हादसे में फाइटर प्लेन के पायलट स्क्वाड्रन लीडर अभिनव चौधरी (Squadron Leader Abhinav Chaudhary) की मौत हो गई है. अभिनव ने राजस्थान के सूरतगढ़ से गुरुवार देर रात मिग 21 से उड़ान भरी थी, जिसके बाद उनका विमान मोगा के कस्बा बाघापुराना के गांव लंगियाना खुर्द के पास क्रैश हो गया. ये एक रूटीन ट्रेनिंग उड़ान (Routine training flight) थी. चश्मदीदों के मुताबिक हादसे के बाद विमान आग के शोलों में तब्दील हो गया.
शुक्रवार सुबह पायलट अभिनव चौधरी का शव भी बरामद कर लिया गया है. वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. इसका पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी (Court of inquiry) के आदेश दे दिए गए है. बता दें कि वायुसेना 1960 से ही मिग-21 विमानों का इस्तेमाल कर रही है. उसका दावा है कि उसने इन विमानों को जंग के लिए तैयार रखने में कोई समझौता नहीं किया है. लेकिन इसके बावजूद आए दिन ऐसे हादसे होते रहे हैं और हम अपने जाबांज पायलटों को खोते जा रहे हैं.