यूपी के आगरा में मौजूद श्रीपारस हॉस्पिटल (Agra, Sri Paras Hospital) का वीडियो वायरल होने के बाद डीएम के आदेश पर अस्पताल को सील कर दिया गया है. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इस अस्पताल में दाखिल 55 मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया. साथ ही अस्पताल के संचालक डॉ अरिंजय जैन के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है. दरअसल हॉस्पिटल का एक वीडियो तेजी से वायरल (Mock Drill Viral Video) हो रहा है जिससे हड़कंप मचा है. वीडियो के मुताबिक वहां 26 अप्रैल को ऑक्सीजन (Oxygen Mock Drill) की कमी की मॉकड्रिल की गई थी, 5 मिनट के लिए ऑक्सीजन काटा गया था जिससे कथित तौर पर 22 मरीजों की मौत हो गई. वीडियो में कहा गया है- ' 5 मिनट में ही छंट गए 22 मरीज...74 बचे....इन्हें टाइम मिल जाएगा.'
वहीं, आगरा के डीएम (Agra DM) ने 22 मरीजों की मौत को गलत बताया है, उनके मुताबिक 26 और 27 अप्रैल को ऑक्सीजन की कमी के चलते सिर्फ 7 मरीजों की निजी अस्पताल में मौत हुई थी. हालांकि उन्होंने ये भी कहा है कि वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है.
दावा है कि वायरल वीडियो हॉस्पिटल के मालिक और संचालक डॉ. अरिंजय जैन का है. इसमें वो कह रहे हैं कि 26 अप्रैल को अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई थी और ऑक्सीजन किल्लत के चलते मोदीनगर से सप्लाई मंगवाई जा रही थी. फिर एक्सपेरीमेंट के तहत 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे मॉकड्रिल करते हुए 5 मिनट के लिए ऑक्सीजन सप्लाई रोकी गई. कहा गया है कि इस वजह से 22 मरीजों की मौत हो गई.