दुनियाभर में होने वाले कैंसर के मामलों में सबसे अधिक अब Breast Cancer के केस हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन यानि WHO ने मंगलवार को यह बड़ी और अहम जानकारी दी. WHO के मुताबिक, साल दर साल ब्रेस्ट कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. बीते दो दशकों में फेफड़ों के कैंसर केस सबसे अधिक थे, पर अब ये दूसरे नंबर पर चला गया है. लंग कैंसर के बाद कोलोरेक्टल कैंसर (colorectal cancer) यानि आंत का कैंसर है जो तीसरा सबसे आम कैंसर है. WHO की रिपोर्ट में कहा गया है कि महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर का मुख्य कारण मोटापा है. WHO ने बताया कि पिछले साल ब्रेस्ट कैंसर के 23 लाख नए मामले मिले थे, जो कैंसर के कुल मामलों का 11.7 प्रतिशत था. उन्होंने कैंसर को लेकर जारी अपनी रिपोर्ट में भी कहा कि कोरोनावायरस महामारी के चलते इसको लेकर इलाज और रिसर्च आधे से अधिक देशों में प्रभावित हुआ है.