दिवंगत अभिनेता इरफान खान (Irfan Khan) भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं. लेकिन इरफान की अदाकारी आज भी लोगों को अपना दिवाना बना लेती है. हाल ही में हुए बॉलीवुड के सबसे बड़े अवॉर्ड यानी फिल्मफेयर अवॉर्ड्स (Filmfare Awards 2021) में इरफान को उनकी फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' के लिए बेस्ट एक्टर के खिताब से नवाजा गया. अंग्रेजी मीडियम इरफान खान की आखिरी फिल्म थी. ‘अंग्रेजी मीडियम’ उनकी फिल्म हिंदी मीडियम का सीक्वल है. इसमें इरफान ने राधिका मदान के पिता का किरदार निभाया है. फिल्म में करीना कपूर लंदन की पुलिस ऑफिसर बनी हैं.
फिल्म में एक बाप की जद्दोजहद को बताया गया है, जो बेटी तारिणी (राधिका मदान) का ब्रिटेन में पढ़ने का सपना पूरा करने के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा देता है. इस तरह बेटी की जिद के आगे मजबूर पिता की कोशिशों को बहुत ही हंसते-खेलते लहजे में फिल्म में दिखाया गया है. एक बाप के किरदार को इरफान ने बेहद खूबसूरत तरीके से पर्दे पर उतारा है.
इरफान को साल 2018 में पता चला था कि वो न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से पीड़ित हैं. बीमारी के इलाज के लिए इरफान खान लंदन भी गए थे. लंदन से लौटने के बाद उन्होंने अंग्रेजी मीडियम की शूटिंग भी की थी. फिल्म रिलीज के कुछ दिन बाद यानी 29 अप्रैल 2020 को इरफान ने दुनिया को अलविदा कह दिया था.