ब्रिटेन की रॉयल फैमिली से ताल्लुक रखने वाले प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मार्केल ने एक इंटरव्यू दिया है. ओपरा विनफ्रे को दिए गए इस इंटरव्यू से भूचाल आ गया है. मेगन ने इसमें शाही परिवार पर कई आरोप लगाए हैं. मार्केल ने जो कुछ बड़े आरोप लगाए हैं वो इस प्रकार हैं:
अफ्रीकन-अमेरिकन मेगन का आरोप है कि शाही परिवार को उनके बच्चे के रंग की चिंता थी. हैरी ने मेगन को ये जानकारी दी कि उनका परिवार इसको लेकर चिंतित था कि उनका बेटा आर्ची कितना गोरा होगा.
मेगन ने आरोप लगाया कि वो जब मेंटल हेल्थ की समस्या से जूझ रही थीं तो उन्होंने मदद मांगने की कोशिश की. इसके लिए वो सबसे वरिष्ठ लोगों के पास गईं लेकिन उनके इस अनुरोध को ठुकरा दिया गया. इसके बाद उन्हें आत्महत्या जैसे ख़्याल से जूझना पड़ा.
रॉयल फैमिली की सदस्य केट मिडलटन को रुलाने के आरोप पर उन्होंने कहा कि ठीक इसका उल्टा हुआ था. एक टैबलॉयड की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मार्कल ने कहा कि केट ने उन्हें रुलाया था.
शादी से जुड़ा दिलचस्प वाकया बताते हुए उन्होंने कहा कि टीवी पर दिखाई गई उनकी शादी के दो दिन पहले ही वो इस बंधन में बंध गए थे. उनकी ये शादी Canterbury के आर्कबिशप ने कराई थी.
हैरी ने कहा कि परिवार ने उन्हें 'आर्थिक रूप से अलग' कर दिया है. उन्होंने ये भी कहा कि वो सिर्फ उस पैसे से गुज़ारा कर रहे हैं जो उनकी मां प्रिंसेस डायना उनके लिए छोड़ गई हैं.