दिल्ली में कोरोना से बिगड़ते हालात के बीच सोमवार से 18+ वालों को वैक्सीन लगनी शुरू हो गई है. मोरी गेट और पश्चिमी विनोद नगर क्षेत्र समेत कई इलाकों में वैक्सीनेशन सेंटर्स पर 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की लंबी लाइनें दिखी. विनोद नगर सेंटर पर लाइन में खड़े एक शख्स ने कहा कि मुझे इंतजार था कि कब 18 से ज्यादा उम्र वालों को वैक्सीन लगेगी और वो दिन आ गया, मैं वैक्सीन लगवाने को लेकर बेहद उत्साहित हूं.
वहीं विनोद नगर के एक वैक्सीनेशन सेंटर पर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया वैक्सीनेशन का जायजा लेने पहुंचे. उन्होंने कहा कि सोमवार को दिल्ली सरकार के 76 स्कूलों में 301 सेंटर पर 18-45 साल के लोगों के वैक्सीनेशन का प्रोग्राम शुरू हुआ है. सिसोदिया ने बताया कि 1 मई को हमें वैक्सीन की 4.5 लाख खुराक मिली और हमने सोमवार को 45,150 लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए अपॉइंटमेंट दी है. लोगों में टीका लेने को लेकर काफी उत्साह है और हमें 100 फीसदी टर्नआउट की उम्मीद है.